Home » ताजा खबर » सरयू नहर में महिला ने लगाई छलांग, लापता

सरयू नहर में महिला ने लगाई छलांग, लापता

News Portal Development Companies In India

श्रावस्ती। जिले के सोनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़हीपुरवा गांव के पास स्थित सरयू मुख्य नहर पर बने पुल से एक महिला ने अचानक पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद नहर में तेज बहाव और पानी की गहराई अधिक होने के कारण महिला लापता हो गई। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अकेले पिपरी गांव की ओर से पैदल आती हुई पुल पर पहुंची थी। अचानक उसने पुल से नहर में छलांग लगा दी। छलांग लगाते समय वह “अल्लाह बचा लो” की आवाज लगाती हुई दिखाई दी। महिला को डूबता देख आसपास मवेशियों को चरा रहे चरवाहों ने तत्काल बचाने का प्रयास किया। चरवाहों ने रस्सी की मदद से नहर में उतरकर महिला तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सोनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की तलाश शुरू कराई गई। नहर में खोजबीन के लिए गोताखोरों की मदद लेने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं लग सका था।

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की सूचना हो या कोई पहचान से जुड़ी जानकारी मिले तो तत्काल थाने को सूचित करें। घटना के बाद से इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सरयू मुख्य नहर में पानी का बहाव काफी तेज रहता है, जिससे इस तरह की घटनाओं में बचाव कार्य बेहद कठिन हो जाता है। पुलिस का कहना है कि खोजबीन जारी है और महिला को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment